छात्रों को डेढ़ साल से नहीं मिली भोजनवृत्ति

भास्कर न्यूज | रायगढ़ आईटीआई छात्रावास में रहने वाले छात्रों को मिलने वाली भोजनवृत्ति की राशि पिछले डेढ़ साल से नहीं मिली है। इससे छात्र आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं। सोमवार को एनएसयूआई के बैनर तले छात्रों ने आईटीआई कॉलेज में प्रदर्शन किया और प्रभारी प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर भुगतान नहीं हुआ, तो कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कॉलेज के सामने जमकर नारेबाजी की और प्राचार्य कक्ष के सामने जमीन पर बैठकर अपना विरोध दर्ज कराया। छात्रों ने बताया कि आईटीआई के छात्रावास में 100 से अधिक छात्र रहते हैं, जिन्हें केंद्र सरकार की ओर से हर महीने लगभग 1200 रुपए भोजनवृत्ति मिलती है। सत्र 2023-25 के छात्रों की करीब 3 लाख रुपए की राशि लंबे समय से लंबित है। छात्रों का कहना है कि वे गरीब परिवारों से आते हैं और इस राशि के न मिलने से उन्हें पढ़ाई और रहने में काफी दिक्कतें हो रही हैं। एनएसयूआई के जिला सचिव गौरव साव ने बताया कि पहले छात्रावास में ही भोजन की व्यवस्था होती थी, जो अब बंद हो चुकी है। अब छात्रों के खातों में सीधे पैसे भेजे जाते हैं, लेकिन पिछले दो साल से यह राशि नहीं आई है। छात्र परेशान हैं, इसलिए प्रभारी प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर जल्द भुगतान की मांग की गई है। एनएसयूआई और छात्रों की शिकायत सुनने के बाद प्रभारी प्राचार्य देव सिंह नागेश ने कहा कि यह केंद्र सरकार से मिलने वाली राशि है। छात्रों द्वारा दिए गए ज्ञापन को उच्चाधिकारियों को भेजकर स्थिति से अवगत कराया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *