छात्रों को प्रकाशिकी यंत्रों के बारे में बताया, टेलीस्कोप बनाना सिखाया

भास्कर न्यूज | जशपुरनगर कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर शासकीय हाई स्कूल बगिया में तीन दिवसीय प्रकाशिकी यंत्रों से संबंधित प्रशिक्षण और प्रायोगिक वर्कशॉप आयोजित किया गया। यह वर्कशॉप शिक्षा विभाग के प्रभारी अधिकारी प्रशांत कुशवाहा और जिला शिक्षा अधिकारी पीके भटनागर के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें कांसाबेल विकासखंड और पीएम श्री सेजेस मनोरा के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। यह प्रशिक्षण दिल्ली की एस्ट्रोकुलुम स्पेस टेक रिसर्च आर्गेनाइजेशन के सहयोग से कराया गया, जिसमें दिल्ली से आए ट्रेनर्स वेश केसरी और प्रिया रानी ने विद्यार्थियों को टेलिस्कोप मेकिंग सिखाया। वर्कशॉप में विद्यार्थियों को प्रकाश, प्रकाशिकी, आंखों की संरचना, और आंखों के कार्य करने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया। इसके अलावा, उन्होंने आसमान के पैटर्न को पहचानने, टेलिस्कोप के कार्यप्रणाली और उसके विभिन्न भागों की अवधारणाओं के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी। वर्कशॉप के दौरान, विद्यार्थियों ने टेलिस्कोप असेम्बल करने की प्रक्रिया सीखी और चंद्रमा और ग्रहों का गेजिंग (देखना) भी किया। इस वर्कशॉप में सेजेस दोकड़ा, हाई स्कूल चोंगरीबहार, हायर सेकेंडरी बंदरचुआ और हाई स्कूल बगिया के लगभग 100 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस प्रशिक्षण ने विद्यार्थियों के बीच विज्ञान और प्रौद्योगिकी के प्रति उत्साह और रुचि को और बढ़ावा दिया। संकल्प के प्राचार्य विनोद गुप्ता से प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर जशपुर के द्वारा यह कार्यक्रम जिले के सभी विकासखंडों में कराया जा रहा है। प्रत्येक वर्कशॉप 3 दिनों तक चल रहा है। अभी तक चार विकासखंडों- जशपुर, मनोरा, पत्थलगांव और कांसाबेल में कार्यक्रम आयोजन पूर्ण हो चुका है। कार्यक्रम आयोजन में यशस्वी जशपुर के संजीव शर्मा, अवनीश पांडेय, बीईओ गोपाल राम, एबीईओ के कुंभकार, विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य संजय कश्यप, अयोध गुप्ता की भी भूमिका रही। यह वर्कशॉप विद्यार्थियों के लिए एक शानदार अवसर साबित हुआ है, जो उन्हें न केवल टेलिस्कोप बनाने की तकनीकी जानकारी देता है, बल्कि उन्हें विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नए आयामों को समझने में भी मदद करता है। कलेक्टर रोहित व्यास की इस पहल से जिले के विद्यार्थियों में नई दिशा में सोचने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा मिल रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *