ग्रीन लैंड कॉन्वेंट स्कूल सिविल सिटी में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना सभा से हुई। इसमें स्टूडेंट्स को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के महत्व के बारे में बताया गया। यह दिवस महान वैज्ञानिक सीवी रमन की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है, जिन्होंने विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्टूडेंट्स में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा तथा नवाचार की भावना को विकसित करना था। कक्षा छठी से आठवीं तक के स्टूडेंट्स ने विज्ञान प्रयोगशाला में विभिन्न प्रयोगों और गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रयोगशाला उत्साह और ऊर्जा से सराबोर रही। विद्यार्थियों ने अपने ज्ञान, कौशल और रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। ग्रीन लैंड स्कूल्स के चेयरमैन डॉ. राजेश रुद्रा ने स्टूडेंट्स को उनकी उपलब्धियों पर बधाई दी और उन्हें निरंतर खोज, नवाचार तथा समाज में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस हमें हमारे दैनिक जीवन में विज्ञान के महत्व की याद दिलाता है। ग्रीन लैंड स्कूल की निदेशिका डॉ. विजेता रुद्रा ने विद्यार्थियों को जिज्ञासा, रचनात्मकता और समालोचनात्मक सोच विकसित करने को प्रेरित किया।


