भास्कर न्यूज | लुधियाना वेद प्रचार मंडल द्वारा इंजीनियर अनमोल मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भामिया कलां में महर्षि दयानंद सरस्वती की 202वीं जयंती के उपलक्ष्य में समारोह का आयोजन किया। समारोह की अध्यक्षता स्कूल के डायरेक्टर रविंद्र ढंड ने की। समारोह यज्ञ से आरंभ हुआ, जिसे मंडल के प्रांतीय महासचिव रोशन लाल आर्य ने संपन्न कराया। प्रिंसिपल पुष्पलता, रूपिंदर कौर, निखिल शर्मा, गगनदीप पराशर, स्टाफ तथा छात्रों ने बहुत ही श्रद्धापूर्वक आहुतियां प्रदान की। रोशन लाल आर्य ने यज्ञ संपन्न कराते हुए कहा कि यज्ञ भारतीय संस्कृति का प्राण है। यज्ञ से वातावरण शुद्ध और पवित्र होता है और यज्ञ हमारी आत्मिक उन्नति का भी साधन है। यज्ञ हमें सिखाता है की जो कुछ भी हमारे पास है, वह सब परमात्मा का है। हमें केवल उपभोग करने के लिए प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि इस देश को स्वतंत्र कराने का श्रेय महर्षि दयानंद सरस्वती को जाता है। जिन स्वतंत्रता सेनानियों ने इस देश को स्वतंत्र कराने के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया, वह या तो आर्य समाजी थे या आर्य समाज की विचारधारा से प्रभावित थे। उन्होंने बाल विवाह बंद और विधवा विवाह शुरू करवा कर स्त्री जाति पर बहुत बड़ा उपकार किया है। प्रिंसिपल पुष्पलता तथा डायरेक्टर रविन्द्र ढंड ने पौधे प्रदान कर अतिथियों को सम्मानित किया। स्कूल में छात्र और स्टाफ हवन यज्ञ में आहुतियां डालते हुए।


