छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ाने पर जोर

भास्कर न्यूज | कवर्धा शासकीय हाई स्कूल भालूचुवा में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर विज्ञान में महिलाएं, विकसित भारत को उत्प्रेरित करना, विषय पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन से हुई, जिसके पश्चात विधिवत कार्यक्रम प्रारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रपति पुरस्कृत सेवानिवृत्त शिक्षक आदित्य श्रीवास्तव थे। उनका स्वागत डायरी एवं पेन स्मृति-चिह्न स्वरूप भेंट कर किया गया। श्रीवास्तव ने विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर कहा कि आज महिलाएं अंतरिक्ष, रक्षा अनुसंधान, चिकित्सा, पर्यावरण विज्ञान और तकनीकी नवाचार जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विज्ञान शिक्षिका पूनम तिवारी ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। बताया कि यह दिवस महान वैज्ञानिक डॉ सीवी रमन की खोज रमन प्रभाव की स्मृति में मनाया जाता है, जिसने भारत को विश्व पटल पर वैज्ञानिक पहचान दिलाई। विजेता एवं प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र, फाइल फोल्डर, रंगीन पेंसिल, पेन एवं चॉकलेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक साथी मंजू कुर्रे, तरुणा नामदेव, भूमिका देशमुख, प्रधान पाठक व्यासनारायण वर्मा, संकुल समन्वयक अखिलेश मिश्रा सहित विद्यार्थी उपस्थित रहे। बेटियां विज्ञान और शोध के क्षेत्र में भागीदारी बढ़ाएं उन्होंने कहा कि विज्ञान केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित विषय नहीं, बल्कि हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा है, चाहे मोबाइल तकनीक हो, स्वच्छ जल की व्यवस्था, खेती में नवाचार या स्वास्थ्य सेवाएं। कहा कि विकसित भारत का निर्माण तभी संभव है जब बेटियां विज्ञान और शोध के क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी निभाएं। विद्यार्थियों से जिज्ञासु बने रहने, प्रश्न पूछने और प्रयोग करने का आह्वान करते हुए उन्होंने वैज्ञानिक सोच को अपनाने की प्रेरणा दी। विद्यार्थियों ने विज्ञान मॉडल, भाषण, कविता, रंगोली और पोस्टर प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *