भास्कर न्यूज |जामताड़ा होली पर्व को लेकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं आम लोगों के स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जामताड़ा जिला प्रशासन द्वारा लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, जामताड़ा के नेतृत्व में जामताड़ा सदर क्षेत्र स्थित विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सौरभ स्वीट्स, दत्ता स्वीट्स, मानक चन्द्र दत्ता, बीके स्वीट्स, अन्नपूर्णा स्वीट्स, गुप्ता स्वीट्स भंडार, यदू सेन, अजय स्वीट्स तथा मां चंचला स्वीट्स सहित कई दुकानों की जांच की गई। जांच का मुख्य उद्देश्य त्योहार के दौरान मिलावटी एवं अस्वच्छ खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाना था। खाद्य सुरक्षा टीम को निरीक्षण के दौरान सौरभ स्वीट्स में तिथि-विहीन पेय पदार्थ पाया गया, जिसे खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन माना गया। वहीं अधिकांश प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। दुकानों में स्वच्छता के मानकों का पालन नहीं होने पर संचालकों को कड़े निर्देश देते हुए तत्काल सुधार करने को कहा गया। प्रतिष्ठानों के पास वैध लाइसेंस अथवा निबंधन उपलब्ध नहीं निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि कुछ प्रतिष्ठानों के पास वैध लाइसेंस अथवा निबंधन उपलब्ध नहीं था। ऐसे दुकानदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए अविलंब लाइसेंस एवं निबंधन कराने का निर्देश दिया गया, अन्यथा आगे विधिसम्मत कार्रवाई की चेतावनी दी गई। अजय स्वीट्स में जांच के दौरान श्रीकृष्ण गौशाला, जामताड़ा द्वारा पैकेजिंग किया गया दूध पाया गया, जिस पर न तो एफएसएसएआई नंबर अंकित था और न ही पैकेजिंग तिथि अथवा उपयोग की अंतिम तिथि का उल्लेख था। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए संबंधित व्यक्ति से मोबाइल के माध्यम से संपर्क किया गया तथा तत्काल पैकेजिंग कार्य बंद करने का निर्देश दिया गया।


