छिंदवाड़ा के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित चंदन गांव की आशीर्वाद कॉलोनी में सोमवार देर रात एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान प्रीति रघुवंशी के रूप में हुई है। वह पड़ोसी जिले पांढुर्ना के लोधीखेड़ा थाने में पदस्थ आरक्षक चंद्र किशोर रघुवंशी की पत्नी थीं। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें पति के महिला सब इंस्पेक्टर (SI) से संबंधों और ससुराल वालों की प्रताड़ना का जिक्र है। कोतवाली थाना निरीक्षक आशीष कुमार ने बताया कि मृतका के पास से तीन पेज का सुसाइड नोट मिला है। वहीं, एक कॉपी के अन्य आठ पन्नों पर भी उसने अपनी आपबीती लिखी है। सुसाइड नोट में मृतका ने बीमारी के कारण मानसिक तनाव, पति और सास के रूखे व्यवहार का उल्लेख किया है। महिला SI से संबंधों का आरोप सुसाइड नोट में सबसे गंभीर आरोप पति के पांढुर्ना में पदस्थ एक महिला सब इंस्पेक्टर के साथ कथित संबंधों को लेकर लगाया गया है। मृतका ने लिखा है कि इसी वजह से घर में पारिवारिक विवाद होता था। नोट में इस बात का भी उल्लेख है कि उसने पूर्व में इस संबंध में पांढुर्ना में अधिकारियों से शिकायत भी की थी। 13 साल का बेटा, 15 साल पहले हुई थी शादी जानकारी के अनुसार, मृतका का एक 13 वर्षीय बेटा है और उसकी शादी को करीब 15 वर्ष हो चुके थे। वह मूल रूप से बैतूल जिले के बहमनी की रहने वाली थी। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और एफएसएल (FSL) टीम मौके पर पहुंची। मर्ग कायम, जांच जारी प्रारंभिक जांच में आत्महत्या फांसी लगाकर किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जांच के बाद ही तथ्यों की स्पष्ट स्थिति सामने आ सकेगी।


