छिंदवाड़ा में देहात थाना क्षेत्र के रोहना इलाके में बुधवार देर शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार हादसा रोहना स्थित बिस्कुट फैक्ट्री के पास हुआ। एक बाइक पर पंकज चौकसे और अरविंद सवार थे, जो थाना मोहखेड़ के पाठर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। इसी दौरान उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई, जिस पर पीयूष साहू और कुणाल माहोरे सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि पंकज चौकसे और अरविंद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार पीयूष साहू और कुणाल माहोरे घायल हो गए। देहात थाना प्रभारी जीएस राजपूत ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मरचुरी में रखवाया गया है। गुरुवार को दोनों का पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।


