छिंदवाड़ा के सिवनी रोड स्थित घाट परासिया क्षेत्र में सीहोर माल के पास रविवार देर रात बोलेरो और ट्रक के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसा रात करीब साढ़े दस बजे घाट के तीखे मोड़ पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो का सामने का हिस्सा बुरी तरह टूट गया। वाहन में बैठे लोग जोरदार झटके से घायल हो गए। अनियंत्रित होकर मकान में घुसा ट्रक भिड़ंत के बाद ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सड़क किनारे बने एक मकान में जा घुसा। टक्कर से मकान का सामने का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि जिस समय ट्रक मकान में घुसा, उस वक्त घर के सामने वाले हिस्से में कोई मौजूद नहीं था। अगर लोग वहां होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत बाहर निकल आए। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए बोलेरो में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। घायलों को अस्पताल भेजा सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि तीखा मोड़ और तेज रफ्तार हादसे की वजह हो सकती है। हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे। हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल रहा। क्षतिग्रस्त मकान और वाहनों को देखकर लोग देर तक चर्चा करते रहे।


