भास्कर न्यूज | कवर्धा नई दिल्ली में हुई विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रैंड प्रिक्स 2025 में कबीरधाम की दिव्यांग एथलीट छोटी मेहरा ने भारत के लिए दो कांस्य पदक जीते। प्रतियोगिता 11 से 13 मार्च तक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हुई। यह भारत में पहली बार आयोजित हुई वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री थी। आयोजन पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया ने किया था। छोटी मेहरा ने गोला फेंक और चक्र फेंक में कांस्य पदक हासिल किए। प्रतियोगिता में 20 से ज्यादा देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें जर्मनी, जापान, ऑस्ट्रेलिया, सऊदी अरब, ब्राजील, रूस, कजाखस्तान और उज्बेकिस्तान के एथलीट शामिल थे। कुल 90 स्पर्धाएं हुईं। एशियाई पैरालंपिक समिति के अध्यक्ष माजिद रशीद और मुख्य कार्यकारी अधिकारी तारेक सूई भी मौजूद रहे। छोटी मेहरा ने मेहनत और लगन से राज्य और जिले का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। पहले चेन्नई में भी दो रजत पदक जीती थीं इस उपलब्धि पर कलेक्टर गोपाल वर्मा ने छोटी मेहरा को पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इससे पहले 17 से 20 फरवरी तक चेन्नई में हुई 23वीं नेशनल पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भी छोटी मेहरा ने गोला फेंक और चक्र फेंक में दो रजत पदक जीते थे। इसी प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री के लिए हुआ। 20 से 23 मार्च तक नई दिल्ली में खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2025 हुए। इसमें भी छोटी मेहरा ने छत्तीसगढ़ को दो कांस्य पदक दिलाए। उन्होंने गोला फेंक और चक्र फेंक में यह पदक जीते।


