राज्य सरकार द्वारा प्रतापगढ़ जिले के छोटी सादड़ी में एडीजे कोर्ट खोलने के लिए हाल ही में जारी की गई अधिसूचना का विरोध शुरू हो गया है। इसको लेकर आज प्रतापगढ़ में जिला अभिभाषक संघ की ओर से मिनी सचिवालय पर प्रदर्शन किया गया और कलेक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंप कर अधिसूचना को रद्द करने की मांग की गई। जिला अभिभाषक संघ के सह सचिव चंद्रकांत शर्मा ने बताया कि राजस्थान सरकार द्वारा छोटी सादड़ी में एडीजे कोर्ट खोलने की जो अधिसूचना जारी की गई है वह पूरी तरह से विधि विरुद्ध है। सरकार इस अधिसूचना को वापस ले।इसको लेकर आज जिला अभिभाषक संघ की ओर से अध्यक्ष अरुण पाटीदार के नेतृत्व में मिनी सचिवालय पर प्रदर्शन किया गया। राज्यपाल के नाम कलेक्टर डॉक्टर अंजली राजोरिया को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि छोटी सादड़ी में एडीजे कोर्ट खोलने का कोई औचित्य नहीं है। इस क्षेत्र में वैसे भी प्रकरण काफी कम है। जिससे सरकार पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई की सरकार यह अधिसूचना वापस नहीं लेती है तो न्यायिक कार्यों का बहिष्कार कर आंदोलन किया जाएगा।


