छोटे अपराधों पर नियंत्रण के लिए पुलिस नाकों को हाई-टेक बनाएं

जालंधर| पंजाब की स्पेशल डीजीपी गुरप्रीत कौर देओ ने पुलिस लाइन में अधिकारियों के साथ एक बैठक की। बैठक में सीपी धनप्रीत कौर, जॉइंट सीपी संदीप शर्मा और डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों मौजूद रहे। बैठक के दौरान स्पेशल डीजीपी ने पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशों के विरुद्ध युद्ध अभियान और गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई को और तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर चल रहे इस अभियान को और प्रभावी बनाया जाए ताकि अपराध और नशे के नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई हो सके। छोटे अपराधों पर नियंत्रण पाने के लिए एक विशेष ऑपरेशन प्लान तैयार करने को कहा गया। स्पेशल डीजीपी ने पुलिस नाकों को हाई-टेक बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि नाकों पर तैनात पुलिस कर्मचारियों के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखने के लिए वॉकी-टॉकी सेट का प्रभावी इस्तेमाल किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने जनता की शिकायतों के समय पर निपटारे, जरूरी दस्तावेजों के सही रखरखाव और पुलिस स्टेशन परिसरों को साफ-सुथरा व हराभरा रखने के भी निर्देश दिए। बैठक के दौरान स्पेशल डीजीपी ने अधिकारियों की समस्याएं भी सुनीं और ड्यूटी के दौरान आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की। अधिकारियों ने कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए कंप्यूटर पेरिफेरल्स की व्यवस्था की मांग रखी, जिसे उन्होंने तुरंत मंजूरी दे दी। बैठक के बाद उन्होंने इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर का दौरा कर वहां के कामकाज की समीक्षा की और साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन का भी निरीक्षण किया गया, जहां ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों की समीक्षा करते हुए पीडितों की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *