कोरबा| करतला रेंज के जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गया एक ग्रामीण जंगली सूअर के हमले में घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। करतला विकासखंड की ग्राम पंचायत मदवानी के चारमार गांव का बचन सिंह (36) गुरुवार को करतला रेंज के नोनदरहा सर्किल के छोटकीखार जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गया था। इस दौरान झाड़ी के बीच से निकले जंगली सूअर ने उस पर हमला कर दिया। बचन ने बचाने के लिए आवाज लगाई तो जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ रहे अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक ग्रामीण घायल हो चुका था। उसे ग्रामीणों ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। वन विभाग को घटना की सूचना दी। विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर ग्रामीण का हाल जानने के साथ ही तत्कालिक सहायता राशि उपलब्ध कराई। ग्रामीणों को जंगल जाने पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


