भास्कर न्यूज| रायगड़ा / कोरापुट ओडिशा-आंध्र प्रदेश सीमा पर मादक पदार्थों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा संयुक्त अभियान चलाकर कोरापुट पुलिस ने अंतरराज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट की कमर तोड़ दी है। पुलिस ने भारी मात्रा में हशीश ऑयल और गांजा जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 210 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर एसपी कोरापुट के नेतृत्व में विशेष टीमों ने झोलापुट जलाशय के पास दुर्गम पहाड़ियों और घने जंगलों में छापेमारी की। सड़क मार्ग न होने के कारण पुलिस टीमों ने नावों के जरिए जलमार्ग का सहारा लिया और बाद में पैदल चलकर अस्थायी ड्रग्स यूनिट तक पहुंचीं। पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयां की। पहली कार्रवाई हशीश ऑयल फैक्ट्री पदुआ थाना क्षेत्र में जंगल के भीतर एक अस्थायी रिफाइनरी चल रही थी जहां गांजे से तेल निकाला जाता था। पुलिस ने यहां से निर्माण उपकरण, रसायन और भारी मात्रा में ऑयल जब्त किया। मास्टरमाइंड की पहचान हो चुकी है। दूसरी कार्रवाई नंदपुर चक्काजाम नंदपुर थाना क्षेत्र में दो पिकअप वाहनों से 1143 किलो गांजा पकड़ा गया। इसे प्लास्टिक ट्रे के नीचे छिपाकर हरियाणा ले जाया जा रहा था। इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो स्थानीय सप्लायर और दो हरियाणा के खरीदार शामिल हैं। कोरापुट पुलिस का कहना है कि यह दक्षिण ओडिशा में सक्रिय ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ एक निर्णायक सफलता है। हमने न केवल माल जब्त किया है, बल्कि पूरे सिंडिकेट के मास्टरमाइंड को भी चिन्हित कर लिया है। अभियान अभी जारी रहेगा। सामग्री मात्रा अनुमानित कीमत हशीश ऑयल 1800+ लीटर ₹200 करोड़ गांजा (जंगल यूनिट) 1000+ किलोग्राम ₹5 करोड़ गांजा (नंदपुर क्षेत्र) 1143 किलोग्राम ₹5 करोड़ कुल जब्ती ₹210 करोड़+


