सरगुजा के कुन्नी में ग्रामीणों ने एक गाय को पकड़कर मार डाला एवं मांस पकाकर खा गए। मामले का खुलासा रविवार को हुआ, जब ग्रामीणों ने गाय के अवशेष जंगल किनारे पड़ा हुआ देखा। इसकी सूचना पर पुलिस ने छह आरोपियों को हिरासत में लिया है। एक आरोपी फरार हो गया है। घटना को लेकर रविवार को कुन्नी में अरगोती में तनाव की स्थिति बनी रही। मामला लखनपुर थाना क्षेत्र के कुन्नी पुलिस चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम अरगोती में शनिवार को ग्रामीणों ने जंगल किनारे चरने के लिए गई एक गाय को मार दिया और उसका मांस बना लिया। ग्रामीणों ने आपस में गौ मांस का बंटवारा किया और पकाकर खा गए। कुछ मांस घरों में ही रख लिया। इसकी सूचना ग्रामीणों द्वारा रविवार सुबह गाय के अवशेष देखने के बाद इसकी सूचना लखनपुर के गौ रक्षा समिति के सदस्यों को दी। पुलिस ने जब्त किया गौ मांस व अवशेष
सूचना पर कुन्नी चौकी प्रभारी डेविड मिंज पुलिस बल के साथ अरगोती पहुुंचे। पुलिस टीम ने गौ हत्या करने वाले छह ग्रामीणों को गिरफ्तार किया है। इनमें रविंद्र, शंकर, सुरेश, मितेश व दो अन्य ग्रामीण शामिल हैं। एक आरोपी लाली फरार हो गया है। आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी रही। आरोपियों के बचाव में समाज विशेष के लोग पहुंच गए थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को देर शाम अंबिकापुर कोर्ट में पेश कर दिया है। पुलिस अधिकारी छिपाते रहे मामला
मामले में विस्तृत जानकारी देने से पुलिस अधिकारी बचते रहे। एडिशनल एसपी अमोलक सिंह ने कहा कि मामले में छह आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। अन्य फरार हैं। विस्तृत जानकारी दी जाएगी। चौकी प्रभारी डेविड मिंज ने भी विस्तृत जानकारी नहीं दी।
घटना को लेकर गांव में आक्रोश की स्थिति को देखते हुए पुलिस निगरानी रखी जा रही है।