जंगल में फिर हाथी के बच्चे की मौत

भास्कर न्यूज | रायगढ़ जिले के तमनार वन परिक्षेत्र से एक बार फिर हाथी की मौत की खबर सामने आई है। इस बार झिंगोल बीट के कक्ष क्रमांक 838 आरएफ में शनिवार की दोपहर हाथी के बच्चे का शव जंगल में मिला है। शव के पास बड़े हाथियों के पैरों के निशान भी पाए गए हैं, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि बच्चे के साथ हाथियों का झुंड मौजूद था। ग्रामीणों ने सबसे पहले जंगल में शव देखा और इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही तमनार एसडीओ आशुतोष मंडवा, रेंजर विक्रांत कुमार और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मौके पर जमीन पर बड़े हाथियों के पैरों के गहरे निशान मिले हैं। निशानों की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि बच्चे की मौत के बाद बड़े हाथियों ने उसे उठाने या खींचने की कोशिश की होगी। बच्चे की उम्र करीब 2 माह होने का अनुमान है। मौके पर किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि या करंट वाला तार नहीं मिला है। वन विभाग ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। डॉक्टरों की प्रारंभिक जांच में शरीर में कमजोरी के लक्षण मिले हैं। शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *