25 जनवरी की शाम जगदलपुर का दलपत सागर करीब तीन लाख दीयों की रोशनी से जगमगा उठा। नगर निगम और जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित दलपत दीपोत्सव में बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दीपोत्सव की थीम ‘एक दीया स्वच्छता के नाम और एक दीया वंदे मातरम के नाम’ रखी गई थी। रानी घाट में पूजा-अर्चना के बाद एक साथ दीये जलाए गए। दलपत सागर के चारों ओर दीयों की कतारें लगने से पूरा इलाका रोशनी से भर गया। आतिशबाजी और वंदे मातरम गायन भी हुआ दीये जलाने के बाद दलपत सागर क्षेत्र में भव्य आतिशबाजी की गई। शाम करीब 8 बजे बड़ी संख्या में लोगों ने एक साथ दीये जलाए। कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम की 150वीं जयंती के अवसर पर सामूहिक वंदे मातरम गायन किया गया। इसके अलावा बस्तर के ‘बादल’ कलाकारों ने पारंपरिक लोकगीतों की प्रस्तुति दी, जिसे लोगों ने खूब सराहा। दलपत सागर बनेगा जगदलपुर की पहचान- अरुण साव उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि जिस तरह प्रशासन और शहरवासी मिलकर दलपत सागर के संरक्षण में जुटे हैं, उसे देखते हुए आने वाले समय में जगदलपुर की पहचान दलपत सागर से होगी।उन्होंने कहा कि मां दंतेश्वरी के आशीर्वाद से यह सागर शहर के विकास और पर्यटन का बड़ा केंद्र बनेगा। उन्होंने कार्यक्रम की थीम की सराहना करते हुए कहा कि वंदे मातरम देशभक्ति का प्रतीक है, वहीं स्वच्छता हमारी जिम्मेदारी है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जन आंदोलन बनाया है। दलपत सागर के सौंदर्यीकरण के लिए 10 करोड़ मंजूर उप मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने दलपत सागर के सौंदर्यीकरण के लिए 10 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है। टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में जरूरत पड़ी तो सरकार और सहायता देगी। नगरोत्थान योजना के तहत शहरों के विकास पर जोर अरुण साव ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में नगरोत्थान योजना शुरू की गई है। इसके तहत नगर निगमों में बड़े विकास कार्यों के लिए हर साल 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि तालाब और जलस्रोत हमारे जीवन के लिए बेहद जरूरी हैं। शहर के बीच दलपत सागर का होना जगदलपुर के लिए सौभाग्य की बात है। यह भविष्य में पर्यटन, जल संरक्षण और जल स्तर बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएगा। महापौर ने दिलाई स्वच्छता की शपथ कार्यक्रम में महापौर संजय पांडेय ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि, पिछले कई दिनों से इस कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी। आज एक साथ लाखों दीपक जले हैं।


