जगदलपुर मंदिर चोरी केस…38 दिन बाद पकड़ाया चोर:चोरी कर पेड़ के नीचे छिपाया मंगलसूत्र, ओडिशा भागते समय नदी में फेंकी मूर्ति-चांदी की चैन

जगदलपुर के मां दंतेश्वरी मंदिर में 23 जनवरी 2026 को हुई चोरी के मामले में बस्तर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब एक महीने की जांच के बाद पुलिस ने 27 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी किया गया मंगलसूत्र और सोने के हार का टुकड़ा बरामद हुआ है। मामला जगदलपुर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान मोनू यादव (27) निवासी शांतिनगर फ्रेजरपुर जगदलपुर के रूप में हुई है। उसका स्थायी पता ग्राम मंगनार, थाना करपावंड, जिला बस्तर है। उसे मारकेल नगरनार इलाके से पकड़ा गया हैं। 23 जनवरी को मंदिर से पीतल की मूर्ति, चांदी की चैन जिसमें सोने का लॉकेट लगा था, मंगलसूत्र और सोने का हार चोरी हुआ था। 100 से ज्यादा कैमरे खंगाला गया वारदात के बाद पुलिस ने अलग-अलग 9 टीमें बनाकर जांच शुरू की। मंदिर और शहर में लगे 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी वारदाता के बाद कोसमी इलाके के आम बगीचे में सोता था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके बाद उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में कबूला जुर्म पूछताछ में आरोपी ने चोरी की बात स्वीकार की। उसने बताया कि मूर्ति, चांदी की चैन और मंगलसूत्र जैकेट में रखा था। सोने का हार मूर्ति से खींचकर निकाला, जिससे वह टूट गया। भागते समय हार के कुछ टुकड़े गिर गए और कुछ जेब में रह गए। आरोपी के मुताबिक वह जगदलपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा। वहां रेलवे पुलिस को देखकर घबरा गया और मंगलसूत्र, हार का टुकड़ा स्टेशन के पास बरगद के पेड़ के नीचे पत्थर के नीचे छिपा दिया। इसके बाद पीतल की मूर्ति और चांदी की चैन लेकर ट्रेन से ओडिशा के लिए निकल गया। रास्ते में भंसुली (ओडिशा) रेलवे ब्रिज से नदी में सामान फेंकने की बात कही। एसडीआरएफ ने की तलाश, सामान नहीं मिला आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने बताए गए स्थान से मंगलसूत्र और हार का टुकड़ा बरामद किया। रेलवे ब्रिज के पास नदी में फेंके गए सामान की तलाश एसडीआरएफ और पुलिस ने की, लेकिन वह नहीं मिला। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों की भूमिका पूरे ऑपरेशन में पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित धोत्रे के निर्देशन में टीम ने कार्रवाई की। ASP माहेश्वर नाग ने कहा कि, चोर को गिरफ्तार कर लिया गया है। चोर के पास से चोरी का सामान भी बरामद किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *