बंद घरों को चोर लगातार निशाना बना रहे हैं। जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में हवाई नगर रोड नंबर 13 में रहने वाले संजय सेनापति के बंद का ताला तोड़ 25 लाख के जेवरात व एक लाख रुपए नगद की चोरी कर ली। इस संबंध में संजय सेनापति ने जगन्नाथपुर थाना में चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई है। बताया है कि वे अपने पूरे परिवार के साथ 24 दिसंबर को बाहर घूमने गए थे। 28 दिसंबर को उनकी दुकान के स्टाफ ने फोन कर सूचना दी कि घर का ताला तोड़कर चोरी की गई है। इसके बाद संजय सेनापति ने इसकी सूचना जगन्नाथपुर थाना को दी। उन्होंने बताया कि उनके घर के बेडरूम में लकड़ी की आलमारी थी। उसमें 25 लाख रुपए के जेवरात और एक लाख रुपए नगद रखे हुए थे। उक्त आलमारी को तोड़ कर सारे जेवरात व नगदी चोर ले गए। हाल के दिनों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। सिर्फ दिसंबर महीने में 20 से अधिक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। 75 लाख से अधिक की संपत्ति की चोरी हो चुकी है।


