लुधियाना जिले में जगराओं ब्लॉक समिति के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के चुनाव की प्रक्रिया एक बार फिर स्थगित कर दी गई है। गुरुवार को बीडीपीओ कार्यालय में बुलाई गई बैठक में कोरम पूरा न होने के कारण चुनाव दूसरी बार रद्द करना पड़ा। इससे क्षेत्र में सियासी पारा लगातार बढ़ रहा है। बैठक में कांग्रेस के सदस्य और कुछ निर्दलीय ब्लॉक समिति सदस्य तो पहुंचे, लेकिन सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) और शिरोमणि अकाली दल से जुड़े सदस्य गैर हाजिर रहे। सदस्यों की गैर-मौजूदगी के कारण कोरम पूरा नहीं हो सका, जिसके बाद अधिकारियों ने बैठक स्थगित कर दी। चुनाव रूकने से राजनीति हलचल शुरू इससे पहले सोमवार को भी यह बैठक रद्द करनी पड़ी थी। उस समय कई सदस्यों को मीटिंग का संदेश समय पर नहीं मिल पाया था। लगातार दूसरी बार चुनाव प्रक्रिया रुकने से जगराओं की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस का सरकार के खिलाफ मोर्चा बैठक रद्द होने के बाद कांग्रेस नेताओं ने आप सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इस मौके पर पूर्व विधायक और कांग्रेस के जगराओं इंचार्ज जगतार सिंह जग्गा ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला। जग्गा बोले- लोकतांत्रिक प्रक्रिया से भाग रही सरकार जग्गा ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के पास बहुमत नहीं है, इसलिए वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया से भाग रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आप नेता उनके पक्ष में खड़े निर्दलीय सदस्यों पर पुलिस के माध्यम से दबाव बना रहे हैं। जग्गा के अनुसार, कुछ सदस्यों को डराने और दबाव में लेने के लिए पुलिस उनके घरों तक पहुंच रही है, ताकि उन्हें मजबूर कर आम आदमी पार्टी के पक्ष में वोट डलवाया जा सके। उन्होंने इसे “लोकतंत्र की खुली हत्या” बताया और कहा कि कांग्रेस इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। कांग्रेस का दावा- 6 निर्दलीय भी साथ सूत्रों के अनुसार कांग्रेस नेताओं का दावा था कि उनके 7 सदस्यों के साथ 6 आजाद सदस्य भी खड़े हैं, लेकिन वीरवार को हुई बैठक में केवल 4 आजाद सदस्य ही कांग्रेस के साथ दिखाई दिए, जबकि गांव गिद्दडविडी व मलक से दो सदस्य बैठक में नहीं पहुंचे। बोले- कुर्सी का लालच देकर खरीदना चाह रही इस पर कांग्रेस नेताओं ने आशंका जताई कि उन दोनों सदस्यों को दबाव के कारण बैठक में आने से रोका गया है ताकि कांग्रेस अपना चेयरमैन न बना सके। पूर्व विधायक जगतार सिंह ने कहा कि जब पुलिस उन के सदस्यों को डरा धमकाकर मना नहीं सकी तो फिर किसी को कुर्सी का लालच देकर खरीदना चाहा, लेकिन आप नेता भूल गए कि बिकाऊ माल आप में कांग्रेस में नहीं। सत्ता की कुर्सी का गणित जगराओं ब्लॉक समिति की कुल 25 सीटों का गणित इस चुनाव को बेहद दिलचस्प बना रहा है। इसमें आम आदमी पार्टी– 8 सदस्य, कांग्रेस– 7 सदस्य, शिरोमणि अकाली दल– 4 सदस्य, आजाद सदस्य– 6 हैं। इस पूरे सियासी खेल की असली चाबी आजाद सदस्यों के हाथ में मानी जा रही है। इनमें से कई आजाद सदस्य पहले कांग्रेस से जुड़े थे, लेकिन टिकट न मिलने के कारण उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़कर जीत दर्ज की और अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई। अकाली दल किंगमेकर बन सकता है अगर सभी आजाद सदस्य कांग्रेस के साथ खड़े हो जाते हैं तो कांग्रेस के लिए चेयरमैन और वाइस चेयरमैन दोनों पद जीतना आसान हो सकता है। लेकिन अगर समर्थन बंट जाता है तो तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है। ऐसी स्थिति में अकाली दल ‘किंगमेकर’ बन सकता है और जिस पक्ष को उसका समर्थन मिलेगा, उसके चेयरमैन बनने की राह आसान हो जाएगी। बदले में वाइस चेयरमैन की कुर्सी अकाली दल के खाते में जाने की संभावना भी जताई जा रही है। राजनीतिक माहौल गर्म फिलहाल, जगराओं ब्लॉक समिति की चेयरमैन की कुर्सी को लेकर सियासी जंग अपने चरम पर पहुंच चुकी है। लगातार दूसरी बार चुनाव टलने से राजनीतिक माहौल और ज्यादा गर्म हो गया है और अब सभी की नजर अगली बैठक पर टिकी हुई है, जहां इस सियासी संग्राम का असली फैसला होने की उम्मीद है। वहीं, पूर्व विधायक व जगराओं इंचार्ज एस आर कलेर ने आप पर धक्केशाही का आरोप लगाते कहा कि आप के पास सदस्य पूरे नहीं हैं, लोगों ने ब्लॉक समिति में आप को पूर्ण रूप से नकार दिया था लेकिन सत्ता के नशे में पार्टी धक्केशाही पर उतारू है। उन्होंने कहा कि सत्तादारी पार्टी ने धक्का करना था, इसलिए उन्होंने बॉयकाट का फैसला किया था। यह हैं ब्लाक समिति मैबर 1) परमिंदर सिंह (हठूर)
2) चमकौर सिंह (चकर)
3) हरबंस कौर (लक्खा)
4) परविंदर सिंह (मानुके)
5) अमरजीत कौर (मल्ला)
6) गुरप्रीत सिंह (भम्मीपुरा)
7) कमलजीत सिंह (कमालपुरा)
8) बलदेव सिंह (अखाड़ा)
9) दलजीत सिंह (रसूलपुर मल्ला)
10) सुखदेव सिंह (कौंके कलां)
11) सुरिंदर सिंह (डल्ला)
12) जगमेल सिंह (अगवाड ख्वाजा बाजू)
13) हरबंस कौर (अगवाड गुजरां)
14) बलजीत कौर (पोना)
15) गगनप्रीत कौर (सिधवा कलां)
16) गुरजीत सिंह (बरसाल)
17) प्रभजोत कौर (रामगढ़ भुल्लर)
18) पवनप्रीत कौर (मलक)
19) पाल सिंह (शेरपुर कला)
20) दलीप कौर (गालिब कलां)
21) सतपाल कौर (लीला),
22) किरणप्रीत कौर (शेखदौलत)
23) जगदीश कुमार (गिद्दड़विंडी)
24) परमजीत कौर (अब्बूपुरा)
25) रिम्पी (बाघियां)


