लुधियाना जिले के जगराओं में 32 लाख से अधिक की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी ने टैक डाटा प्राइवेट कंपनी में मैनेजर को मुनाफे का लालच देकर वॉट्सऐप नंबर से संपर्क किया। पीड़ित ने दो बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर कर दिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार मैनेजर नवदीप सिंह के साथ फरीदकोट के रहने वाले हैं। इस समय वह हारवैस्ट टैनिस अकैडमी, गांव जस्सोवाल में रह रहे हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गूगल पर स्टॉक मार्केट में इन्वेस्टमेंट के लिए जानकारी सर्च कर रहे थे। इसी दौरान एक लिंक खुला और उनके मोबाइल से एक अनजान नंबर पर अपने आप मैसेज चला गया। अधिक मुनाफे का लालच देकर फंसाया कुछ समय बाद उसी नंबर से कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को वेंचुरा सिक्योरिटीज का सीआईओ भारत गाला बताया। आरोपी ने नवदीप को अधिक मुनाफे का लालच दिया। एक अन्य वॉट्सऐप नंबर से संपर्क कर कुछ शर्तें बताईं। नवदीप ने सभी शर्तें पूरी कीं और आरोपी द्वारा बताए गए दो बैंक खातों में कुल 32 लाख 15 हजार 445 रुपए जमा कर दिए। बाद में जब धोखाधड़ी का पता चला, तो नवदीप ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। साइबर क्राइम के एएसआई जग रूप सिंह के अनुसार शिकायत की जांच के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


