लुधियाना जिले के जगराओं के तहसील रोड स्थित एक्सिस बैंक के कर्मचारी सचिन कुमार की बाइक मंगलवार को उनके घर के बाहर से चोरी हो गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति पहले घर के बाहर पैदल आता दिखाई देता है। वह इधर-उधर देखने के बाद मौका पाकर बाइक चुराकर ले जाता है। यह फुटेज सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। बाइक खड़ी कर घर गया था पीड़ित जानकारी के अनुसार सचिन कुमार मूल रूप से अबोहर की छोटी पट्टी नई आबादी के रहने वाले हैं। वर्तमान में वह जगराओं के कच्चा मलक रोड पर किराए के मकान में रहते हैं। उन्होंने बताया कि बाइक घर के बाहर खड़ी करके वह अंदर गए थे। जब वापस आए, तो बाइक गायब थी। बैंक कर्मचारी ने थाना सिटी में एसएचओ वरिंदर सिंह को लिखित शिकायत दी है। मामले की जांच एएसआई को सौंपी गई है। सीसीटीवी खंगालने में जुटी टीम एसएचओ वरिंदर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक प्रधान गोपाल शर्मा ने कहा कि आप सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। उन्होंने पुलिस से चोर के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने वालों पर भी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने तंज कसते कहा कि आप सरकार में चोरी लूटपाट व गुंडागर्दी समेत गोली चलना आम बात हो गई है।


