जगराओं में डॉक्टर पर हमले को लेकर IMA सख्त:आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग, सुरक्षा पर जताई चिंता

पंजाब के लुधियाना जिले के जगराओं के डॉ. किशन सिंह पर हुए हमले के खिलाफ इंडियन मैडिकल एसोसिएशन(आईएमए) ने कड़ा रुख अपनाया है। आईएमए जगराओं के प्रधान डॉ. दीपक कल्याणी और सचिव करन सिंगला ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अस्पताल में घुसकर डॉक्टरों पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वही फाना पंजाब एसोसिएशन ने भी डॉक्टर पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। सचिव डा. दिव्यांशु ने कहा कि ऐसे आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि आगे से कोई ऐसी हरकत ना कर सके। पुलिस ने 7 लोगों पर किया था केस घटना लाजपत राय रोड स्थित किशन सिंह अस्पताल में हुई। मरीज के रिश्तेदारों ने पहले स्टाफ से दुर्व्यवहार किया। इसके बाद डॉ. किशन सिंह और उनके बेटे पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। पुलिस ने दो भाइयों समेत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था, लेकिन कई दिन बीतने पर भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने में असफल रही। गिरफ्तारी में देरी पर कड़ा विरोध डॉ. कल्याणी ने बताया कि मरीज को शाम को भर्ती किया गया था। डॉ. किशन सिंह ने तीन बार मरीज का चेकअप किया। मरीज की हालत में सुधार भी हो रहा था। उन्होंने कहा कि बीमारी को ठीक होने में समय लगता है। यह संभव नहीं कि दवाई देते ही मरीज तुरंत ठीक हो जाए। आईएमए ने पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी पर कड़ा विरोध जताया है। एम्बुलेंस यूनियन निकाल चुकी रोष मार्च एसोसिएशन के अनुसार अस्पताल में तोड़फोड़ और डॉक्टर पर हमला गंभीर अपराध है। मामले में आरोपी को तीन साल तक की सजा और जुर्माना हो सकता है। शनिवार को एम्बुलेंस यूनियन ने रोष मार्च निकाला था। अब आईएमए ने भी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि समय पर कार्रवाई से भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले लाजपत राय रोड स्थित किशन सिंह अस्पताल में मरीज के रिश्तेदारों ने घुसकर पहले स्टाफ से दुर्व्यवहार किया। फिर डॉ. किशन सिंह और उनके बेटे पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *