जगराओं में नशे को लेकर पंचायत का फैसला:बेचने वालों को नहीं ली जाएगी जमानत, पुलिस को सौंपे जाएंगे संदिग्ध लोग

लुधियाना के जगराओं के सिधवां बेट इलाके की सलेमपुरा गांव की पंचायत ने नशे के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। नशे के लिए बदनाम कुल गहिणा, खोलिया वाला पुल और सलेमपुरा टिब्बा की छवि सुधारने के लिए पंचायत ने महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। पंचायत ने तय किया है कि नशा करने या बेचने वाले किसी भी व्यक्ति की जमानत नहीं कराई जाएगी। गांव में संदिग्ध दिखने वाले बाहरी व्यक्तियों से पूछताछ की जाएगी। शक होने पर उन्हें तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा। किरायेदारों पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। मकान मालिकों को किरायेदार की पूरी जानकारी पंचायत को देनी होगी। ऐसा न करने पर पंचायत कार्रवाई करेगी। नशे से छुटकारा पाने वाले युवाओं को मिलेगी मदद पंचायत मेंबर गुरमीत कौर ने बताया कि नशे के सेवन से कई नौजवानों की मौत हो चुकी है। उन्होंने पुलिस से आग्रह किया है कि गांव में कार्रवाई से पहले पंचायत को सूचित किया जाए। साथ ही युवकों के पुराने रिकॉर्ड के आधार पर केस दर्ज नहीं किए जाए। पंचायत ने नशे से छुटकारा चाहने वाले युवाओं की मदद का भी आश्वासन दिया है। गांववासी अब इस बदनामी को मिटाने के लिए एकजुट हो गए हैं। गांव निवासियों ने फैसला किया है कि पुलिस की मद्द के लिये अगर किसी को नशा तस्कर का पता चलता है तो वह चाहे पंचायत को बता कर कार्रवाई करवा सकता है या फिर सीधे पुलिस को बता सकता है। तस्कर की जानकारी देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। बता दें कि पहले ही ये गांव हर तरह के नशे के लिए पुलिस की प्राथमिकता सूची में शामिल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *