जगराओं में आज सुबह पुलिस और तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने BMW बाइक पर भाग रहे तस्कर के टांग में गोली मार दी। गोली लगते ही बाइक स्लिप हो गई और आरोपी गिर पड़ा। पुलिस ने मौके पर ही उसे दबोच लिया। घायल तस्कर को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मुठभेड़ सुबह करीब सात बजे गुरूसर गांव में हुई। आरोपी की पहचान रोशन सिंह निवासी बड़ा भाईके, फिरोजपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक रोशन सिंह पर पंजाब के अलग-अलग शहरों में हत्या, लूट, डकैती और नशा तस्करी के करीब 15 मामले दर्ज हैं। वह पहले पकड़े गए तीन आरोपियों को 300 ग्राम हेरोइन सप्लाई करता था। पुलिस ने उसे पहले ही इस मामले में नामजद कर रखा था। मंगलवार को पुलिस मोगा से गुरूसर रोड पर गश्त कर रही थी। तभी आरोपी पुलिस को देखकर सेम की ओर बाइक लेकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया। आरोपी ने देसी कट्टे से पुलिस पर फायर किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो उसकी टांग में लगी। अमेरिका से मिलता था टारगेट
पुलिस ने आरोपी से देसी कट्टा, 9 कारतूस और एक लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद की है। रिवॉल्वर के नंबर मिटाए गए हैं। पुलिस को शक है कि यह रिवॉल्वर चोरी की है। इसकी जांच की जा रही है। एसएसपी डॉ. अकुर गुप्ता ने बताया कि आरोपी जेल में रहते हुए भी नशे का नेटवर्क चला रहा था। उसके लिंक अमेरिका तक हैं। अमेरिका में राजपूत नाम का एक व्यक्ति आरोपी के संपर्क में था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन कहां से लाई जा रही थी। रोशन और पंकज जगी एप के जरिए से आपस में बाते करते थे ताकि पंकज उसे हेरोइन का इंतजाम करवा सके पुलिस के मुताबिक पंकज गैंगस्टर की श्नेणी में आता है अब गैंगस्टर ही तस्करी करने लगे हैं। पुलिस आरोपी के पुराने मामलों में शामिल साथियों का रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। यह भी जांच की जा रही है कि वे इस समय कहां हैं और क्या कर रहे हैं। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि आरोपी के किसी गैंगस्टर से संबंध हैं या नहीं। अमेरिका भागा लुधियाना का कुख्यात आरोपी, 20 केस दर्ज
लुधियाना के पुनीत नगर का रहने वाला पंकज राजपूत हत्या, हत्या की कोशिश और असला एक्ट समेत 15 से 20 मामलों में वांछित है। पुलिस ने उसे भगोड़ा घोषित कर रखा है। सूत्रों के अनुसार, पंकज पिछले साल लुधियाना से अमेरिका फरार हुआ। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह अमेरिका कैसे पहुंचा। जेल में पंकज की मुलाकात आरोपी रोशन सिंह से हुई थी। दोनों ने मिलकर नशे का कारोबार शुरू किया। उन्होंने अपने नीचे सप्लायर भी रख लिए। अमेरिका से पंकज, रोशन सिंह से संपर्क में रहता था और हेरोइन की सप्लाई करवाता था। रोशन जरूरतमंद युवकों को पैसे का लालच देकर अपने जाल में फंसाता था। मामले की जांच कर रहे एसआई गुरसेवक सिंह ने बताया कि इस मामले में पुलिस बहुत जल्द बड़े खुलासे करेगी लेकिन जब उन से पाकिस्तान लिंक सबंधी पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी रोशन का गांव फिरोजपुर होने के कारण पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं आरोपी के पास पाकिस्तान की तरफ से हेरोइन तो नहीं आ रही। अब पुलिस आरोपी के ठीक होने का इंतजार कर रही है।


