जगराओं के रायकोट क्षेत्र में लुधियाना-बठिंडा ग्रीन हाईवे के लिए जमीन अधिग्रहण को लेकर किसानों और प्रशासन के बीच विवाद हुआ। एसडीएम गुरबीर सिंह कोहली के नेतृत्व में प्रशासनिक अमला और पुलिस बल जमीन पर पिलर लगाने पहुंचा। घटना चक भाईका गांव की है। किसान गुरमीत सिंह ने कुछ लोगों के साथ खेत में लेटकर विरोध किया। उन्होंने सरकारी गाड़ी से सिर फोड़ने का प्रयास भी किया। गुरमीत सिंह ने बताया कि उनके पास मात्र दो एकड़ जमीन है। जमीन का मुआवजा बाजार दर से काफी कम दिया जा रहा है। खेती ही उनका एकमात्र रोजगार- किसान
रोड संघर्ष कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष बिक्करजीत सिंह ने मांग की कि किसानों को जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे के बराबर मुआवजा दिया जाए। किसानों का कहना है कि खेती ही उनका एकमात्र रोजगार है। जमीन जाने के बाद वे दूसरी जगह जमीन खरीद सकें, इसलिए बाजार दर से मुआवजा मिलना चाहिए। स्थिति तनावपूर्ण होने पर एसडीएम ने किसानों को डीसी लुधियाना से मिलने का आश्वासन दिया। प्रशासन ने फिलहाल खाली पड़ी जमीन पर कार्रवाई शुरू कर दी है। एसडीएम हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला दे रहे हैं, जबकि किसान अपनी आजीविका बचाने की गुहार लगा रहे हैं।


