जगराओं में लुधियाना-फिरोजपुर हाईवे पर स्थित पी ग्रैंड मैरिज पैलेस के बाहर खड़ी एक स्कॉर्पियो का शीशा तोड़कर लेडीज पर्स चोरी कर लिया गया। पुलिस ने इस मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। चोरी हुए पर्स में लगभग 3.50 लाख कैश, एक रद्द भारतीय पासपोर्ट, कनाडा का नया पासपोर्ट, ओसीआई कार्ड, दो बैंकों की पासबुक और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल थे। बस स्टैंड चौकी इंचार्ज सुखविंदर सिंह ने बताया कि पीड़ित हरसिमरनप्रीत सिंह, जो संगरूर के गांव बख्शीवाला के निवासी हैं, अपनी पत्नी के साथ कार्यक्रम में शामिल होने पी ग्रैंड मैरिज पैलेस आए थे। उन्होंने अपनी स्कॉर्पियो पैलेस के बाहर खड़ी की और अंदर चले गए, इसी दौरान उनकी पत्नी का पर्स गाड़ी में ही रह गया था। कार्यक्रम से लौटने पर देखा तो पर्स गायब मिला शाम करीब 6 बजे जब वे वापस लौटे, तो उन्होंने देखा कि ड्राइवर साइड की पिछली सीट का शीशा टूटा हुआ था और पर्स गायब था। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। जांच अधिकारी के अनुसार, गाड़ी स्लिप रोड पर खड़ी होने के कारण पैलेस के सीसीटीवी कैमरों में यह वारदात कैद नहीं हो सकी। पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी वारदात के बाद लुधियाना की तरफ फरार हुए हैं। इसी के मद्देनजर मुल्लापुर दाखा क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं और छापेमारी अभियान जारी है।


