भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर ब्लॉक भरतपुर के नगर पंचायत जनकपुर क्षेत्र में बीते कई दिनों से भालू की बढ़ती आवाजाही से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ था। खासकर जनकपुर निवासी अंकुर प्रताप सिंह के घर और बाड़ी के आसपास भालू लगातार देखे जा रहे थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने 11 फरवरी की रात विशेष रेस्क्यू अभियान चलाया। प्रभारी वनपरिक्षेत्र अधिकारी कुंवारपुर विकास निकुंज के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने भालू की आवाजाही वाले स्थान को चिंहित कर पिंजरा रखवाया। देर रात सतर्कता के साथ चलाए गए अभियान में एक नर भालू को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद वाहन से भालू को गांव से दूर सुरक्षित वन क्षेत्र में ले जाकर छोड़ दिया। भालू के रेस्क्यू के बाद नगर पंचायत जनकपुर के लोगों ने राहत की सांस ली। यहां बता दें कि इससे पहले भी भालू पेड़ के सहारे गोदाम में चढ़कर गुड़ खाकर आराम से निकल जाता था। भालू का यह कारनामा सीसी कैमरे में देखने के बाद पिंजरा लगाकर उसे पकड़कर जंगल में छोड़ा।


