एमसीबी जिले के मनेन्द्रगढ़ वनमंडल के जनकपुर नगर पंचायत क्षेत्र में कई दिनों से भालू घूम रहा था। वह बार-बार आबादी वाले इलाके में आ रहा था, जिससे लोगों में डर का माहौल था। स्थिति को गंभीर देखते हुए वन विभाग ने तुरंत कार्रवाई की। बुधवार बीती रात विशेष अभियान चलाकर भालू को सुरक्षित पकड़ लिया गया। वनमंडलाधिकारी मनेन्द्रगढ़ के निर्देश पर प्रशिक्षु सहायक वन संरक्षक एवं प्रभारी वनपरिक्षेत्र अधिकारी विकास निकुंज के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने पिंजरा लगाया। यह कार्रवाई देर रात सतर्कता और कुशल समन्वय के साथ की गई। वन अमले ने एक नर भालू को सफलतापूर्वक पिंजरे में कैद किया। भालू को प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया इसके बाद विधिवत पंचनामा तैयार किया गया। भालू को वन विभाग की गाड़ी से गांव से काफी दूर सुरक्षित वन क्षेत्र में ले जाकर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। पिंजड़े से मुक्त होते ही भालू तेजी से जंगल की ओर भाग गया। इस सफल कार्रवाई के बाद जनकपुर क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली। प्रभारी रेंजर ने बताया कि रेस्क्यू अभियान में बीएफओ पतवाही राजेंद्र परस्ते, परिक्षेत्र सहायक मसौरा प्रदीप दुबे, वनरक्षक गजाधर सिंह सहित वन अमले की सक्रिय भूमिका रही। वन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगली जानवर दिखाई देने पर घबराने या स्वयं जोखिम उठाने के बजाय तत्काल विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते सुरक्षित कार्रवाई की जा सके।


