भास्कर न्यूज | बालोद जिले की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था प्रेरणा साहित्य समिति बालोद के तत्वावधान में जनकवि स्वर्गीय विशंभर यादव मरहा की पुण्यतिथि पर सम्मान समारोह एवं कवि सम्मेलन का आयोजन परमेश्वरी भवन सिवनी में 21 सितंबर को किया जा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत पुलिस अधिकारी एवं वरिष्ठ साहित्यकार बुद्धसेन शर्मा होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता तुलसी मानस प्रतिष्ठान छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष जगदीश देशमुख करेंगे। इस वर्ष स्वर्गीय विशंभर यादव मरहा सम्मान अर्जुनी डोंगरगांव के हास्य कवि एवं साहित्यकार वीरेंद्र तिवारी वीरू को प्रदान किया जाएगा। प्रेरणा साहित्य सम्मान दल्लीराजहरा के प्रख्यात गजलकार लतीफ खान लतीफ को दिया जाएगा। प्रेरणा सेवा सम्मान बालोद नगर के संस्कृत आचार्य एवं वरिष्ठ साहित्यकार आचार्य गोरेलाल शर्मा को प्रदान किया जाएगा। इसी प्रकार अक्षर प्रेरणा सम्मान के अंतर्गत राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक नरोत्तम यदु व्याख्याता स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी मध्य विद्यालय घोटिया, ऐनुका शार्वा व्याख्याता शासकीय उमावि डौंडीलोहारा, नंद किशोर पिस्दा व्याख्याता कोड़ेकसा, माखनलाल साहू जी सेवानिवृत्ति व्याख्याता पेंड्री पूर्णोत्तम साहू व्याख्याता छेड़िया, मेनका चंद्राकर प्रधानाचार्य सरस्वती शिशु मंदिर पीरिद को दिया जाएगा। इस अवसर पर प्रेरणा साहित्य समिति के अध्यक्ष जयकांत पटेल द्वारा लिखित चिन्हारी छत्तीसगढ़ के आडियो एल्बम का विमोचन किया जाएगा।


