भास्कर न्यूज| महासमुंद कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जन चौपाल में कलेक्टर विनय लंगेह ने जिले के जनसामान्य की समस्याएं सुनी। शिविर में भौतिक सत्यापन, धान बेचने में समस्या संबंधी, एग्रीस्टैक पंजीयन, पीएम आवास, लंबित राशि भुगतान संबंधी सहित कुल 73 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त सभी आवेदनों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। जन चौपाल में ग्राम गिरना निवासी गायत्री निषाद ने वृद्धा पेंशन की जानकारी के लिए आवेदन किया। इसी तरह ग्राम लाफ़िनकला निवासी जेठूराम सतनाम ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन न्याय योजना की राशि के संबंध में, ग्राम लभराखुर्द निवासी ताराचंद धीवर ने मजदूर पंजीयन कार्ड के लिए, ग्राम बकमा निवासी टोमीन साहू ने श्रम पंजीयन कार्ड में संशोधन के लिए आवेदन किया। इसी तरह ग्राम बनसिवनी निवासी टेकचंद बांधे ने सुपुत्र के इलाज के लिए आर्थिक सहायता, ग्राम बिराजपाली निवासी गोवर्धन बरिहा ने तीन पहिया बैटरी वाहन प्रदान करने के लिए और दिव्यांग तीरंदाज खिलाड़ी सविता निषाद ने खेल के लिए आर्थिक सहायता के लिए आवेदन किए। महासमुंद। शिकायत सुनते कलेक्टर विनय लंगेह।


