‘जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी’:एसपी ने कोतवाली थाने में मालखाने, बैरक और रसोई में सुधार के दिए निर्देश

धौलपुर जिले में पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, संवेदनशील और जनहितैषी बनाने के उद्देश्य से एसपी विकास सांगवान ने बुधवार देर शाम कोतवाली थाना धौलपुर का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने मालखाना, रिकॉर्ड रूम, रसोईघर, पुलिस बैरक सहित पूरे थाना परिसर की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर एसपी सांगवान ने कहा, “जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है, इसे बनाए रखना प्रत्येक पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है।” ‘लापरवाही और अनियमितता नहीं होगी बर्दाश्त’
एसपी ने मालखाने में जब्त सामान की सुरक्षा, रख-रखाव और रिकॉर्ड की स्थिति की विशेष रूप से जांच की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मालखाने में पारदर्शिता और अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी अभिलेख अद्यतन रखे जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ‘भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर जोर’
थाना परिसर के रसोईघर का निरीक्षण करते हुए एसपी ने भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिसकर्मियों को स्वच्छ, स्वास्थ्यवर्धक और संतुलित भोजन उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा पुलिस बैरकों में साफ-सफाई, मरम्मत और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का भी जायजा लिया गया तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। आमजन से व्यवहार में सुधार के ​निर्देश
पुलिसकर्मियों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एसपी ने खेलकूद और मनोरंजन सुविधाएं शुरू करने की बात कही, ताकि तनावमुक्त वातावरण में बेहतर कार्य निष्पादन सुनिश्चित हो सके।
आमजन से व्यवहार को लेकर उन्होंने कहा कि थाने में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति सम्मान और संवेदनशीलता का हकदार है। पुलिसकर्मी जनसेवक की भावना से कार्य करें तथा शिकायतों पर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें। महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों के मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, वृत्ताधिकारी कृष्णराज जांगिड, कोतवाली थानाधिकारी वीरेन्द्र मीणा और सागर पाड़ा चौकी प्रभारी अशोक सिंह सहित अन्य थाना स्टाफ मौजूद रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *