भास्कर न्यूज | बरौल/सूरजपुर सूरजपुर जिले को पूर्ण साक्षर बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने व्यापक साक्षरता अभियान की शुरुआत की है। अभियान का संचालन कलेक्टर एस. जयवर्धन के मार्गदर्शन में किया जा रहा है और इसका लक्ष्य 15 वर्ष से अधिक आयु के उन सभी महिला व पुरुषों को शिक्षित करना है, जो अब तक अंगूठा लगाते हैं या अक्षर ज्ञान से वंचित हैं। अभियान के तहत असाक्षर व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें पढ़ाई-लिखाई से जोड़ने के लिए ठोस योजना बनाई गई है। इसके अंतर्गत कलेक्टर जनदर्शन, अनुभाग स्तरीय जनदर्शन, जिला एवं विकासखंड कार्यालयों में आवेदन करने वाले नागरिकों की जानकारी संकलित की जाएगी। इसके अलावा ग्राम पंचायतों, ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों, बैंकों में आने वाले खाताधारकों और संस्थानों में कार्यरत असाक्षरों की भी पहचान की जाएगी। चिन्हित व्यक्तियों का नाम, पता और मोबाइल नंबर जिला एवं विकासखंड साक्षरता मिशन प्राधिकरण को उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके बाद उन्हें उनके ही पारा, टोला और मोहल्ले में ‘उल्लास’ स्वयंसेवकों के माध्यम से शिक्षित किया जाएगा। तैयार किए गए नवसाक्षर 15 मार्च 2026 को आयोजित ‘महा परीक्षा अभियान’ में शामिल होंगे, जिसमें उनकी प्रगति का मूल्यांकन किया जाएगा और सफल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। कलेक्टर ने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अभियान में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही जिले को पूर्ण साक्षर बनाया जा सकता है और कोई व्यक्ति शिक्षा से वंचित न रहे।


