जनहित के मामलों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

भास्कर न्यूज | बेमेतरा मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से करने व किसी भी प्रकार की औपचारिकता या खानापूर्ति न करने की हिदायत दी। कलेक्टर ने विशेष रूप से लंबे समय से लंबित फाइलों पर ध्यान देने को कहा। जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही को गंभीर मानते हुए उत्तरदायित्व तय करने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन और शिकायत का पारदर्शी, तथ्यात्मक एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। पुराने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश देते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि समय-सीमा का पालन न करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित आवेदनों, शिकायतों और पत्राचार की विभागवार समीक्षा की गई। पात्र हितग्राहियों को मिले लाभ: बैठक में केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। आयुष्मान कार्ड निर्माण, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (राशन वितरण), जल जीवन मिशन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया गया। पात्र हितग्राहियों का समय पर चिह्नांकन कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की बात पर जोर दिए। वित्तीय और भौतिक लक्ष्यों की शीघ्र पूर्ति करने की भी बात कही। आवेदक को फीडबैक जरूर दें: कलेक्टर ने जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि शिकायतों पर अब तक क्या कार्रवाई की गई है। कहा कि प्रत्येक आवेदक को फीडबैक अवश्य मिले और समाधान की स्थिति स्पष्ट रूप से दर्ज की जाए। जन शिकायतों के निराकरण में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *