भास्कर न्यूज | बालोद छत्तीसगढ़ जनवादी लेखक संघ जिला इकाई का कार्यक्रम दीनदयाल योग आश्रम में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गाजियाबाद उत्तर प्रदेश के साहित्यकार सुरेन्द्र पाण्डेय थे। अध्यक्षता जनवादी लेखक संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ.परदेशी राम ने की। जिला संयोजक डॉ.अशोक आकाश ने कहा कि आज साहित्यकार साहित्य की विभिन्न विधा में लेखन कर अपनी पहचान बना रहे हैं, इस दिशा में जनवादी लेखक संघ का कार्य सराहनीय है। डॉ.परदेशी राम वर्मा ने कहा कि जन चेतना जागृति के उद्देश्य को लेकर सृजन कर रहे साहित्यकार समाज के आधार स्तंभ हैं, जो जन- जन की आवाज बनकर कार्य कर रहे हैं, जनवादी लेखक विशेष उल्लेखनीय लेखन कार्य कर रहे हैं, इस पर अभी और कार्य करने की जरूरत है । जनवादी लेखक संघ बालोद जिला अध्यक्ष देव जोशी गुलाब ने साहित्यकारों से नित नव सृजन का आह्वान किया। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में पद्मश्री डोमार सिंह कुंवर ने नाचा पर अभिनय सहित व्याख्यान दिया। आश्रम संचालक संत दीनदयाल ने कहा कि जीवन में साधना जरूरी है, साहित्यकार भी साधक है जो अपनी साधना शक्ति से समाज में बदलाव ला रहे हैं। जिलाध्यक्ष देवजोशी गुलाब, देवनारायण नगरिया, हर्षा देवांगन, कामता प्रसाद देशलहरा भागवत साहू ने काव्य पाठ किया। नीतीश वर्मा ने अपने जन्मदिन पर कम्बल भेंट किया। इस दौरान शिरोमणि माथुर, स्मिता वर्मा, ख़ुशबू वर्मा, वीरेंद्र अजनबी उपस्थित थे।


