मौसम विभाग के अनुसार, जबलपुर में बारिश की संभावना पहले से ही जताई गई थी, और शनिवार की सुबह से ही शहर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। बारिश को ध्यान में रखते हुए, जिला प्रशासन ने आदेश जारी किया कि 30 और 31 दिसंबर तथा 1 जनवरी को धान का उपार्जन नहीं किया जाएगा। कलेक्टर दीपक सक्सेना के निर्देश पर राजस्व और नान विभाग ने शुक्रवार रात किसानों के साथ मिलकर खुले में रखी धान को तिरपाल से ढकने का काम किया। राज्य शासन के निर्देशानुसार, बारिश की संभावना को देखते हुए उपार्जित धान के सुरक्षित भंडारण के लिए विशेष इंतजाम किए गए। किसान और विभागीय कर्मचारी मिलकर रातभर धान को सुरक्षित रखने के काम में जुटे रहे। कलेक्टर दीपक सक्सेना ने बताया कि जिन किसानों ने इन तिथियों के लिए स्लॉट बुक किया है, उनके स्लॉट की वैधता अवधि आगामी 5 दिनों के लिए बढ़ा दी गई है। इसके अतिरिक्त, कलेक्टर के निर्देश पर गठित सतर्कता दलों ने देर रात तक जिले के विभिन्न खरीदी केंद्रों का दौरा किया। इन दलों ने बारिश के बीच उपार्जित धान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रबंध की समीक्षा की।


