जीसीएफ फैक्ट्री स्थित पोस्ट ऑफिस के सामने सड़क पार कर रहा एक बारहसिंगा अचानक एक्टिवा सवार दंपति से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दंपति बीच सड़क पर गिर पड़े, जबकि बारहसिंगा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत जीसीएफ सुरक्षा विभाग और वन विभाग को सूचना दी। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इसी इलाके में जंगली जानवर सड़क पार करते समय घायल हो चुके हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पहाड़ी से सटे जंगल क्षेत्र को फेंसिंग से कवर किया जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार दोपहर करीब 3 बजे हुआ। दंपति रांझी से जबलपुर की ओर जा रहे थे, तभी एक बारहसिंगा, जिसे कुछ श्वानों ने खदेड़ दिया था, डर के कारण सड़क की ओर भागा और सीधे उनकी एक्टिवा से टकरा गया। सूचना मिलते ही जीसीएफ स्टेट के सुरक्षा कर्मचारी, नगर निगम और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायल दंपति कटंगी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। बुजुर्ग का नाम लोकेश ध्यानी है, जो अपनी पत्नी के साथ घर लौट रहे थे।


