जबलपुर में शराबी ड्राइवर को छोड़ा, कार को पहनाई हथकड़ी:सोशल मीडिया पर सामने आया वीडियो, सीएसपी बोले- कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा

जबलपुर में एक शराबी ड्राइवर को छोड़कर उसकी कार को हथकड़ी पहनाकर थाने में खड़ा कर दिया गया। मामला लॉर्डगंज थाने का है, जहां कार को आरोपी की तरह हथकड़ी लगाई गई। इसका वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर अब वायरल हो रही हैं। लॉर्डगंज थाना परिसर में खड़ी सफेद रंग की अर्टिगा कार के दरवाजे में हथकड़ी लगी दिखाई दी। यह नजारा थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ। दरअसल, कार मालिक के खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की। ड्राइवर को तो बाद में छोड़ दिया गया, लेकिन कार को जब्त कर लॉर्डगंज थाने में खड़ा कर दिया गया। इसी दौरान वाहन में चैन लगाने के बजाय गलती से हथकड़ी लगा दी गई। सीएसपी बोले- कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा है मामले पर पुलिस अधिकारियों ने भी संज्ञान लिया है। कोतवाली सीएसपी रितेश शिव ने बताया कि कार ड्राइवर प्रथम कुमार के खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया था। दो दिन पहले कार को जब्त कर थाने लाया गया था। थाने में ड्यूटी पर तैनात मुंशी ने वाहन में चैन न डालकर गलती से हथकड़ी लगा दी। इस लापरवाही को लेकर संबंधित कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *