जबलपुर के प्लेटफार्म नंबर 2 पर मंगलवार रात एक यात्री को दो बदमाशों ने चाकू मार दिया। बदमाश उसका बैग छीनकर फरार हो गए। घटनाक्रम स्टेशन में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। घायल युवक सुजीत रविदास झारखंड का रहने वाला है। वह आयुध निर्माणी जबलपुर में काम करता है। मंगलवार रात सुजीत कुमार (29) झारखंड जाने के लिए रेलवे स्टेशन आया था। ट्रेन लेट होने के चलते वह पैदल पुल के पास टहल रहा था। इसी दौरान दो युवक उसके पास पहुंचे। बैग छीनने की कोशिश करने लगे। जब सुजीत ने उन्हें रोका तो उन्होंने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना की करीब 1 घंटे बाद जीआरपी पुलिस को जब इस पूरे मामले की जानकारी लगी तो मौके पर टीम पहुंची और घायल सुजीत को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया है। सुजीत को बदमाशों ने सीने और पसली में चाकू मारे हैं। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि दोनों बदमाश पहले तो सुजीत के पास पहुंचे और फिर उससे विवाद करने के बाद चाकू मार कर वहां से निकल गए। जीआरपी पुलिस का कहना है कि घायल सुजीत की हालत नाजुक बनी हुई है। वह बोलने की स्थिति में नहीं है। वारदात के बाद चारों तरफ रेलवे स्टेशन पर खून ही खून फैल गया। गुजरात के यात्री की भी हो चुकी है हत्या जबलपुर रेलवे स्टेशन में चाकू की है पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी स्टेशन के अंदर और बाहर चाकूबाजी की घटना हो चुकी है। जिसके चलते यात्री घायल भी हुए हैं उनकी जान भी गई है। कुछ दिनों पहले भी गुजरात से उत्तर प्रदेश जा रहा यात्री जब अपने भांजे के साथ चाय पीने के लिए रेलवे स्टेशन के बाहर जा रहा था उसे दौरान दो बदमाशों में चाकू मार कर उसकी हत्या कर दी थी।


