बांसवाड़ा में कॉलोनी के लोगों ने गली के बाहर बोर्ड लगवाया है। इस पर लिखा है- जब तक रोड नहीं बनेगा, तब तक राजनेताओं की एंट्री बैन है। लोगों का कहना है कि कई बार नगर परिषद और प्रशासन को अवगत कराने के बाद भी सड़क नहीं बन रही है। यहां धूल उड़ती रहती है, इससे लोग परेशान हैं। मामला बांसवाड़ा की शहर की खांदू कॉलोनी (वार्ड नंबर 24) का है। लंबे समय से जर्जर सड़क की समस्या से जूझ रहे कॉलोनी वासियों ने बुधवार को नगर परिषद के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ का नारा बुलंद किया। चुनावी बहिष्कार की चेतावनी कॉलोनी वासियों का कहना है कि वे टूटी सड़क और उससे उड़ने वाली धूल से बेहद परेशान हैं। नगर परिषद और प्रशासन को कई बार गुहार लगाने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। आक्रोशित लोगों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो आने वाले चुनाव में पूरे वार्ड की ओर से मतदान का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा। राजनेताओं की एंट्री बैन विरोध के दौरान कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर एक बड़ा बैनर लगाया गया, जिस पर साफ शब्दों में लिखा है— “जब तक रोड नहीं बनेगा, तब तक राजनेताओं की एंट्री बैन है।” लोगों का कहना है कि नेता सिर्फ वोट मांगने के वक्त आते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद जनता की समस्याओं को भूल जाते हैं। प्रदर्शन कर रहे स्थानीय निवासियों ने बताया कि वे सड़क की मरम्मत के लिए नगर परिषद, जिला कलेक्टर और PWD के अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काट चुके हैं। हर बार उन्हें केवल आश्वासन दिया जाता है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि अब भी सुनवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।


