जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र में हुए कारपेंटर ननकू लाल हत्याकांड में पुलिस ने दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अपराधियों में कृष्ण सिंह उर्फ लल्ला और जसवीर सिंह उर्फ विक्की हैं। पुलिस ने आरोपियों से 7.65 एमएम का देशी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किया है। वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई थी सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के मुताबिक, मामले की जांच के लिए पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई थी। टीम ने तकनीकी सर्विलांस और गुप्त सूचनाओं के आधार पर दोनों आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के कारण हत्या करना स्वीकार किया है। जांच में पता चला है कि यह एक सुनियोजित हत्या थी। आरोपियों ने पहले रेकी की और फिर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि क्या इस हत्याकांड में कोई और भी शामिल है। दोनों आरोपियों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि शहर में अपराध रोकने के लिए छापेमारी और अभियान जारी रहेंगे। इस कार्रवाई से इलाके के लोगों को राहत मिली है।


