जमशेदपुर के बिरसानगर में सोमवार शाम एक दुखद घटना सामने आई। रमणी फ्लैट टीचर्स कॉलोनी में शाम 6 बजे वज्रपात से 18 वर्षीय नीतीश कुमार सिंह की मौत हो गई। नीतीश तेज बारिश के दौरान अपने मकान की छत पर था। नीतीश मूल रूप से बिहार के भोजपुर का रहने वाला था। वह नासिक में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह दो दिन पहले अपनी मां सरीता देवी के साथ नानी ललझारो देवी के श्राद्धकर्म में शामिल होने जमशेदपुर आया था। इधर, हादसे के बाद परिजन तुरंत नीतीश को टाटा मेन हॉस्पिटल ले गए। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही उसके पिता संतोष कुमार सिंह जमशेदपुर के लिए रवाना हो गए। मामा संजय नारायण सिंह ने शव को अस्पताल के शवगृह में रखवाया है। श्राद्धकर्म के लिए जुटा परिवार अब मातम में डूबा है। रिश्तेदार और स्थानीय लोग परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।