जमीनी विवाद में लाठी-डंडे और फरसी चली,8 घायल:सिर पर कट्‌टे के बट से वार किया;पुलिस सूचना के बाद भी नहीं पहुंची

खेरथल-तिजारा जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र के गांव मानका में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। झड़प में एक पक्ष के आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले मुंडावर अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते सभी को अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया। घायल धर्मवीर ने बताया कि गांव में उसका एक खाली प्लॉट है, जिस पर दूसरे पक्ष के लोग जबरन कब्जा करना चाहते हैं। इसी विवाद को लेकर दिसंबर 2025 में भी कहासुनी हुई थी। आरोप है कि उस दौरान आरोपियों ने घर पर फायरिंग की और मारपीट की थी, जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई थी। धर्मवीर का आरोप है कि हाल ही में शिकायत देने के बाद भी दूसरे पक्ष के लोग उसके घर पहुंच गए। उनके हाथों में डंडे, फरसी और पिस्टल थी। आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर हमला किया। अवैध कट्टे के बट से सिर पर वार किए गए और फरसी से हमला कर कई लोगों के सिर फोड़ दिए गए। घायल चंदा ने बताया कि वे खेत से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में सजन और हरिराम बैठे मिले, जिनके हाथ में कट्टा था। आरोप है कि उन्होंने हमला कर दिया। चंदा के अनुसार, सजन को पकड़ लिया गया तो लालचंद मीणा ने समझौते का दबाव बनाया और मामला थाने में न ले जाने को कहा। चंदा का कहना है कि 100 नंबर पर कॉल करने के बाद सजन, विनोद, पंकज, रमेश, मनोज, अरुण, सचिन, प्रवीण, मोहित और लालचंद सहित करीब 15 लोगों ने हमला कर दिया और कट्टे से हवाई फायरिंग की। उनके भाइयों धर्मवीर, कृष्ण, कन्हैया, धनपत, धनसिंह तथा मां शांति देवी, बबली और स्वयं चंदा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हालांकि पुलिस को शिकायत देने के बावजुद अभी तक मामला दर्ज नहीं किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *