बालोतरा जिले के बायतु थाना पुलिस ने जमीन में दबाकर छुपाया गया डोडा-पोस्त बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान पशुबाड़े के पास ताजा खुदाई के निशान देखकर पुलिस को संदेह हुआ, जिसके बाद कार्रवाई में 21.100 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त जब्त किया गया। थानाधिकारी डॉ. मनोहर विश्नोई ने बताया – सूचना मिली थी कि मोराला कोलू निवासी नैनाराम पुत्र विशनाराम अपने खेत में बने पशुबाड़े के पास डोडा-पोस्त छिपाकर रखे हुए है। सूचना के आधार पर डीएसटी इंचार्ज आईदानराम के साथ पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पशुबाड़े के निकट ताजी खुदाई के निशान दिखाई दिए। संदेह होने पर फावड़े से रेत हटाई गई तो गड्ढे में दबा काले रंग का प्लास्टिक कट्टा मिला। वजन करने पर उसमें 21 किलो 100 ग्राम डोडा-पोस्त पाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच गिड़ा थानाधिकारी दलपतसिंह कर रहे हैं।


