कंधे में लगी है गोली, रिम्स में भर्ती मेदिनीनगर | जमीन विवाद में अपराधियों ने घर में घुसकर नमिता देवी हत्याकांड के आरोपी सद्दाम कुरैशी को गोली मार दी। गोली कंधे में लगी और गर्दन के पास पहुंच गई। परिजन उसे मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए। वहां से सद्दाम को रांची रिम्स भेज दिया गया। घटना सुबह 9 बजे की है। सद्दाम मुस्लिमनगर स्थित अपने घर में था। वह बच्चे को गोद में लिए था। तभी बाइक से दो अपराधी चेहरा ढंककर आए और घर के अंदर सद्दाम पर गोली चला दी। गोली मारने के बाद अपराधी भाग निकले। जख्मी हालत में सद्दाम ने पुलिस को बताया है कि मिंटू रंगसाज और साबिर रंगसाज ने उसे गोली मारी है। मिंटू और साबिर ने मार्च में रांची के अपराधी छोटू रंगसाज की हत्या की थी। वहीं, सद्दाम कुरैशी पर फरवरी में शहर के सद्दीक मंजिल चौक पर दिनदहाड़े नमिता देवी के मर्डर का आरोप है। सद्दाम कुरैशी नमिता देवी हत्या के मामले में जेल से सात माह पहले बाहर निकला है। थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि इन दिनों जमीन के एक टुकड़े को लेकर सद्दाम के सलीम सदर से विवाद चल रहा है।