इस वर्ष भारतीय सेना के थल सेना दिवस (आर्मी डे) के अवसर पर राजस्थान एनसीसी निदेशालय पहली बार राजधानी जयपुर में आर्मी डे परेड का आयोजन कर रहा है। यह परेड राज्य के लिए ऐतिहासिक मानी जा रही है, जिसमें प्रदेश के चुनिंदा एनसीसी कैडेट्स को भाग लेने का अवसर मिल रहा है। इस प्रतिष्ठित आर्मी डे परेड के लिए तिंवरी कस्बे के एनसीसी कैडेट सुमित्रा का चयन किया गया है। कैडेट सुमित्रा 1 राज इंजीनियर रेजीमेंट एनसीसी से जुड़ी हुई हैं और उन्होंने कठिन चयन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पार कर यह उपलब्धि हासिल की है। कड़ी चयन प्रक्रिया से होकर गुजरीं कैडेट्स आर्मी डे परेड के लिए चयन प्रक्रिया बेहद सख्त रही, जिसमें शारीरिक दक्षता, ड्रिल, अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व जैसे कई महत्वपूर्ण मापदंडों पर कैडेट्स का मूल्यांकन किया गया। इन सभी चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कैडेट सुमित्रा ने अपनी योग्यता साबित की। वरिष्ठ सैन्य अधिकारी रहेंगे मौजूद जयपुर में आयोजित होने वाली इस आर्मी डे परेड में भारतीय सेना के कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी शामिल होंगे। ऐसे गौरवशाली मंच पर तिंवरी क्षेत्र की कैडेट का प्रतिनिधित्व करना ना केवल कॉलेज बल्कि पूरे क्षेत्र और जिले के लिए सम्मान और गर्व की बात है। डायरेक्टर पीराराम चौधरी ने बताया- कैडेट सुमित्रा शुरू से ही अनुशासित, मेहनती और लक्ष्य के प्रति समर्पित रही हैं। उन्होंने निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो अन्य एनसीसी कैडेट्स के लिए प्रेरणादायक है। चौधरी ने बताया कि इससे पहले भी कॉलेज के कैडेट देवाराम गोदारा और विशाल सिंह गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान राजपथ पर आयोजित परेड में प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को गार्ड ऑफ ऑनर दे चुके हैं। इसी गौरवशाली परंपरा से प्रेरणा लेकर कैडेट सुमित्रा ने भी यह सफलता अर्जित की है। कॉलेज परिसर में हुआ सम्मान समारोह एनसीसी एसोसिएट ऑफिसर कुंभाराम सारण ने अन्य कैडेट्स से कैडेट सुमित्रा से प्रेरणा लेकर एनसीसी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कैडेट सुमित्रा के चयन पर कॉलेज परिसर में माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर कॉलेज स्टाफ सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


