जयपुर एयरपोर्ट पर मंगलवार को यात्रियों ने हंगामा किया। एयर इंडिया एक्सप्रेस एयरलाइंस के यात्रियों को 5 घंटे तक विमान में बैठाए रखा गया। आखिरी समय में तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए फ्लाइट को रद्द कर दिया गया। दरअसल, एयर इंडिया एक्सप्रेस एयरलाइंस की फ्लाइट IX – 1215 को मंगलवार सुबह 9:25 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरनी थी। इस समय तक सभी यात्री विमान में चढ़ चुके थे। फ्लाइट 5 घंटे से ज्यादा समय तक रनवे एरिया में खड़ी रही। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे एयरलाइंस कंपनी ने फ्लाइट को रद्द करने की घोषणा की। इससे नाराज होकर फ्लाइट में बैठे यात्रियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामे के बाद एयरलाइंस स्टाफ द्वारा पैसेंजर्स को अराइवल एरिया में लाया गया है। यहां उन्हें भोजन देने के साथ ही दूसरी फ्लाइट में ले जाने की व्यवस्था की जा रही है। दूसरी फ्लाइट भी शाम 6:00 बजे की बताई जा रही है। यात्री बोले- पुख्ता व्यवस्था नहीं की गई
जयपुर से मुंबई जाने वाले पैसेंजर राघव रावत ने बताया- आज अपने निर्धारित वक्त पर एयरपोर्ट पहुंच मुंबई के लिए उड़ान भरनी थी। न जाने हमारे प्लेन में क्या तकनीकी खराबी आई कि हम 5 घंटे तक टेक ऑफ का इंतजार ही करते रह गए। उन्होंने कहा- एयर इंडिया एक्सप्रेस एयरलाइंस की लापरवाही की वजह से न सिर्फ मुझे बल्कि, मुंबई जाने वाले सभी पैसेंजर को परेशान होना पड़ रहा है। हम सबको सुबह 9 से दोपहर 3 तक सिर्फ आश्वासन पर आश्वासन दिए जा रहे हैं। हमारे मुंबई जाने की अब तक कोई भी पुख्ता व्यवस्था नहीं की गई है। महिला यात्री बोलीं- किसी भी तरह का जवाब नहीं दिया
फ्लाइट में यात्रा कर रही शिल्पा शर्मा ने कहा- भारत में एयरलाइंस कंपनियों के इसी तरह के हालात हैं। फ्लाइट कभी भी अपने निर्धारित वक्त पर उड़ान नहीं भर पाती है। एयरलाइन कंपनियों द्वारा यात्रियों के साथ सामान की तरह व्यवहार किया जा रहा है, जो पूरी तरह गलत है। इस पूरे मामले पर हमने एयरलाइंस कंपनी से भी उनका पक्ष जानने की कोशिश की। उनकी तरफ से किसी भी तरह का जवाब नहीं दिया गया है। हालांकि यात्रियों के लिए शाम 6 बजे तक दूसरी फ्लाइट करने का आश्वासन दिया जा रहा है।


