जयपुर-एयरपोर्ट पर 7 दिन फ्लाइट संचालन 4 घंटे रहेगा बंद:17 से 23 मार्च तक रनवे मेंटेनेंस से प्रभावित होगा विमानों का संचालन

जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 17 से 23 मार्च तक रनवे और एयरसाइड मेंटेनेंस किया जाएगा। मानसून से पहले सुरक्षा मानकों को बेहतर करने के साथ संचालन क्षमता बढ़ाने के लिए ये काम किए जाएंगे। इस दौरान सात दिन तक हर दिन दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक चार घंटे का नोटम (नोटिस टू एयरमेन) प्रभावी रहेगा। इससे अगले कुछ दिनों में जयपुर एयरपोर्ट से सफर करने वाले पैसेंजर को परेशानी का सामना उठाना पड़ सकता है। हालांकि जयपुर एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार इस अवधि में फ्लाइट को री-शेड्यूल कर दिया गया है। ताकि पैसेंजर को कम से कम असुविधा हो। इसे लेकर लंबे समय से एयरलाइंस के साथ समन्वय जारी था। इससे मेंटेनेंस काम के बावजूद फ्लाइट का संचालन सुचारू बना रहेगा। एयरफील्ड ग्राउंड लाइटिंग सिस्टम को करेंगे अपग्रेड
एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया- मेंटेनेंस के तहत रनवे की संरचनात्मक मजबूती बनाए रखने के लिए तकनीकी काम किए जाएंगे। साथ ही एयरफील्ड ग्राउंड लाइटिंग सिस्टम को हैलोजन से एलईडी में अपग्रेड किया जाएगा। इससे ऊर्जा दक्षता बढ़ेगी और विजिबिलिटी बेहतर होगी। बता दें कि जयपुर इंटरनेशलन एयरपोर्ट प्रदेश का सबसे व्यस्त एयरपोर्ट है। वित्त वर्ष 2024-25 में यहां 60 लाख से अधिक पैसेंजर की आवाजाही दर्ज की गई। जबकि प्रतिदिन औसतन 120 एयर ट्रैफिक मूवमेंट संचालित हुए। 776 एकड़ क्षेत्र में फैला यह एयरपोर्ट आधुनिक तकनीक और डिजिटल फर्स्ट अप्रोच के साथ बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। एयरपोर्ट काउंसिल इंटरनेशनल से लेवल-3 मान्यता और कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई-आईटीसी) सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट द्वारा ‘जीरो वेस्ट टू लैंडफिल’ अवॉर्ड भी जयपुर एयरपोर्ट को मिल चुका है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *