जयपुर की बेटी तिथी मुंदडा ने नॉर्थ रीजन चैम्पियनशिप आईएसएसओ 2026 में शानदार प्रदर्शन कर शहर का नाम रोशन किया है। फरीदाबाद में आयोजित इस अंतर-राज्यीय प्रतियोगिता में जयपुर के जयश्री पेड़ीवाल इंटरनेशनल स्कूल, महापुरा की अंडर-11 बास्केटबॉल टीम ने खिताब अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में उत्तर भारत के कई प्रतिष्ठित विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया, लेकिन जयपुर की टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही। फाइनल मुकाबले में टीम ने बेहतरीन रणनीति और शानदार तालमेल दिखाते हुए विरोधी टीम को हराया। खिलाड़ियों के मजबूत रक्षात्मक खेल और सटीक बास्केट ने दर्शकों का दिल जीत लिया। टीम की कप्तान तिथी मुंदडा को पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल और नेतृत्व क्षमता के लिए ‘वैल्यू प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ के सम्मान से नवाजा गया। तिथी ने न केवल सबसे अधिक अंक बनाए, बल्कि अहम मौकों पर टीम को संभालते हुए जीत की राह दिखाई। तिथी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा-दादी को दिया। उन्होंने कहा कि मेरे असली कोच मेरे दादा-दादी हैं। तिथी के दादा मनोज मुंदडा और दादी अनीता मुंदडा ने बचपन से ही उन्हें बास्केटबॉल खिलाड़ी बनने के लिए प्रेरित किया। आगे पढ़ें जयपुर की अन्य खबरें…


