जयपुर के नाहरगढ़ थाना पुलिस ने नामी जुआघर चलाने वाले बबलू गन्या उर्फ फिरोज को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कल देर रात गन्या के जुआघर पर दबिश दी इस दौरान पुलिस ने 44 जुआरियों को मौके से गिरफ्तार किया। 44 जुआरियों के पास से पुलिस ने 48 लाख 80हजार रुपए की नगदी बरामद की हैं।आरोपी पुलिस रेड के दौरान महिलाओं को आगे कर बचने का प्रयास कर रहे थे लेकिन निर्भया की टीम ने उन्हें मौके से दूर करने में मदद की। कार्रवाई के दौरान पुलिस से बचने के लिए दो आरोपी छत से नीचे कूदे जिस से उनके पैरों में फैक्चर हो गया। आरोपी गन्या जुआरियों से जुआ घर में सुरक्षा देने और पुलिस की रेड नहीं होने की जिम्मेदारी लेने की एवज में प्रति व्यक्ति से 2 हजार रुपए लेता था। एडिशनल डीसीपी वैस्ट बजरंग सिंह ने बताया कि नाहरगढ़ थाना इलाके में नामी जुआघर चलाने वाले गन्या को गिरफ्तार कर मौके से 44 जुआरियों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया हैं। आरोपी गन्या ने पुलिस रेड से बचने के लिए पूरी गली एवं घर के आसपास के इलाके को सीसीटीवी से लैस कर रखा था। बगरू वालों व उनियारों के रास्ते के मध्य में स्थित गन्या बाहर से ग्राहक बुलाकर उनको स्वयं के घर में पैसे लेकर जुआ खिलाने का काम करता हैं। गन्या ने पुलिस रेड से बचने के लिये गली एवं घर के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगा रखे हैं। निगरानी के लिए कुछ लोग लगी के आसपास रखता हैं। देर रात को जुआघर शुरू करता है। इस प्रकार से बनाया गया रेड का प्लान पुलिस ने आरोपी के ठिकानों पर रेड की प्लानिंग( डमी रिहर्सल) गुगल मैप की सहायता से की। आरोपी के घर के आसपास के मकानों को चिन्हित कर पुलिस ने रेड का प्लान बनाया। पुलिस जानती थी की आरोपी पुलिस रेड की जानकारी मिलने पर सभी जुआरियों को पडोसियों की छत के रास्ते छत होते हुये फरार करा देता है या दूसरे के घरो में स्थित कमरों में रिश्तेदार बनाकर अलग अलग ठहरा देता था इस कारण से जुआ घर पर कार्यवाही करना पुलिस के लिये एक टेढी खीर हो गई थी। इस संबंध में गठित पुलिस टीम को एक एक स्थान को चिन्हित कर उनको तैनात किया गया था इसी दौरान फिरोज उर्फ बबलू उर्फ गन्या को हल्का अहसास हो जाने के कारण वह जुआरियों को चोरी छुपे अन्य लोगों की नजरों से बचाते हुए गली के रास्तों में लोहे के छोटे गेट से होते हुए अपने घर ले जाता था ताकि किसी को उस पर शक नहीं हो तथा पूछने पर उनको अपना रिश्तेदार होना बताता था। जिसके फलस्वरूप रणनीति तैयार की गई एवं इसके घर पर आने जाने वाले लोगों पर निगरानी रखने के लिये सादा कपड़ों में महिला एवं पुरुष का जाब्ता लगाया गया। बबलू गन्या के घर पर कल रात काफी तादाद में व्यक्ति होने व ज्यादा रकम के साथ जुआ खेलने की सटीक सूचना मिलने पर टीम ने तय प्लान के अनुसार रेड की इस दौरान पुलिस को मौके से 44 लोग जुआ खेलते हुए मिले और 48 लाख 80 हजार रुपए की नगदी मिली।


